Sunday, November 11, 2018

छठ: आज है खरना, 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगी महिलाएं

लोक आस्था का महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन 'खरना' की विधि की जाती है. खरना का मतलब है पूरे दिन का उपवास. पहले दिन नहाय-खाय के बाद व्रती सोमवार को खरना करेंगे. खरना को 'लोहड़ा' भी कहा जाता है.
नहाय खाय के दूसरे दिन खरना होता है, जो कार्तिक शुक्ल की पंचमी तिथि होती है. व्रती व्‍यक्ति इस दिन जल की एक बूंद तक ग्रहण नहीं करता. शाम होने पर गन्ने का जूस या गुड़ के चावल या गुड़ की खीर का प्रसाद बना कर बांटा जाता है. प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है. 
इस दिन भोजन में गुड़ की खीर खाने की परंपरा है. खीर पकाने के लिए साठी के चावल का प्रयोग किया जाता है. भोजन काफी शुद्ध तरीके से बनाया जाता है. खरना के दिन जो प्रसाद बनता है, उसे नए चूल्हे पर बनाया जाता है. और ये चूल्‍हा मिट्टी का बना होता है. चूल्‍हे पर आम की लकड़ी का प्रयोग करना शुभ माना जाता है. खरना इसलिए भी खास है क्‍योंकि इस दिन जब व्रती प्रसाद खा लेती हैं तो फिर वे छठ पूजने के बाद ही कुछ खाती हैं. छठ करने के लिए 36 घंटे तक उपवास रखना होता है. इस दौरान पानी तक नहीं पिया जाता है.खरना के बाद आसपास के लोग भी व्रतियों के घर पहुंचते हैं और मांगकर प्रसाद ग्रहण करते हैं. गौरतलब है कि इस प्रसाद के लिए लोगों को बुलाया नहीं जाता, बल्कि लोग खुद व्रती के घर पहुंचते हैं.
कई लोग जहां गंगा के तट पर या जलाशयों के किनारे खरना करते हैं, वहीं कई अपने घर में ही विधि-विधान से खरना करते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र बनारस में होंगे. यहां वह प्रयागराज-हल्दिया वॉटर हाईवे के मल्टी मॉडल टर्मिनल का शुभारंभ करेंगे. ऐसा कहा जा रहा है कि टर्मिनल के शुरू होने से गंगा के रास्ते कारोबार का नया युग शुरू होगा.आपका बता दें कि प्रयागराज-हल्दिया जलमार्ग की कुल दूरी 1620 किमी है. यह देश का सबसे लंबा जलमार्ग होगा. बताया जाता है कि आजादी के पहले इस रूट पर कारोबार होता था. 1986 में इसे सरकार ने दोबारा शुरू करने की योजना बनाई थी, जो पूरी नहीं हो सकी. इसके बाद मोदी सरकार इसे साकार कर रही है. इस योजना की सबसे ख़ास बात यह है कि यह देश के चार राज्यों को जोड़ेगा. इनमें पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश हैं. इन चार राज्यों में 20 टर्मिनल हैं, जिनमें से 18 फ्लोटिंग हैं. इस जलमार्ग की क्षमता 12 लाख टन है.
गौरतलब है कि सरकार ने वॉटर-वे एक्ट 2016 के तहत देश में 111 जलमार्गों को नेशनल वॉटर वे घोषित किया गया है. इनकी कुल दूरी 14500 किमी है.इस पूरे जलमार्ग के साकार होने पर एक लाख 60 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. यही नहीं, अब गंगा के रास्ते व्यापारिक गतिविधियां जुड़ने से उत्तर भारत और पूर्वोत्तर भारत, बांग्लादेश, चीन, नेपाल, भूटान, म्यांमार, थाईलैंड और अन्य दक्षिण एशियाई देशों से जुड़ जाएगा.
बिहार की राजधानी पटना के सिटी इलाके में बीती शाम बदमाशों ने एक बैंक्विट हॉल को निशाना बनाया और वहां पर अंधाधुंध फायरिंग की. बताया जा रहा है कि बैंक्विट हॉल के मालिक से रंगदारी वसूलने के इरादे से अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया.
घटना शाम के तकरीबन 6 बजे अगम कुआं थाना क्षेत्र के नंदलाल छपरा स्थित रूपश्री इन बैंक्विट हॉल में हुई. इस बैंक्विट हॉल के मालिक डॉ. प्रभात कुमार सुमन है जो घटना के वक्त सासाराम में थे. जानकारी के मुताबिक चार की संख्या में बदमाश मोटर साइकिल पर सवार होकर बैंक्विट हॉल पर पहुंचे और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
फायरिंग के दौरान बैंक्विट हॉल के बाहर के सभी शीशे चकनाचूर हो गए. घटना के वक्त बैंक्विट हॉल के अंदर डॉ.सुमन के पिता अर्जुन प्रसाद सिंह और उनके समधी दीनानाथ प्रसाद मौजूद थे. बैंक्विट हॉल में लगे सीसीटीवी में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दो अपराधी हथियार लेकर अंदर घुसते हैं और फिर रंगदारी के लिए डॉ. सुमन के पिता और ससुर को धमकाते हैं.
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी साथियों के साथ हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है. जहां पर 47 कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच में काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर एक पक्ष ने इस घटना को अंजाम दिया.
पूर्वी पटना के पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार भील ने बताया कि जैसे ही पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली उन लोगों ने ताबड़तोड़ इलाके में छापेमारी शुरू कर दी और एक अपराधी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

No comments:

Post a Comment